आंकड़े: 323 रन की पारी के बाद कॉनवे और लैथम दुर्लभ क्लब में शामिल
टॉम लैथम और डेवोन कॉनवे ने वेस्टइंडीज के खिलाफ बे ओवल में 323 रन की शुरुआती साझेदारी की, जो टेस्ट में न्यूजीलैंड की दूसरी सबसे बड़ी पहले विकेट की साझेदारी है। पहले नंबर पर 1972 में जॉर्जटाउन में वेस्टइंडीज के खिलाफ टेरी जार्विस और ग्लेन टर्नर की 387 रन की साझेदारी है।
टेस्ट में न्यूजीलैंड की सबसे बड़ी पहले विकेट की साझेदारी
| रन | जोड़ी | विरुद्ध | स्थान | वर्ष |
|---|---|---|---|---|
| 387 | टेरी जार्विस, ग्लेन टर्नर | वेस्टइंडीज | जॉर्जटाउन | 1972 |
| 323 | डेवोन कॉनवे, टॉम लैथम | वेस्टइंडीज | माउंट मौंगानुई | 2025* |
| 276 | स्टूवी डेम्पस्टर, जैकी मिल्स | इंग्लैंड | वेलिंगटन | 1930 |
| 254 | टॉम लैथम, जीत रावल | बांग्लादेश | हैमिल्टन | 2019 |
| 231 | मार्क रिचर्डसन, लू विंसेंट | भारत | मोहाली | 2003 |
| 214 | क्रेग स्पीयरमैन, रोजर ट्वोस | जिम्बाब्वे | ऑकलैंड | 1996 |
यह साझेदारी न्यूजीलैंड की धरती पर टेस्ट क्रिकेट में अब तक की सबसे बड़ी पहले विकेट की साझेदारी भी है। इससे पहले 276 रन का रिकॉर्ड स्टूवी डेम्पस्टर और जैकी मिल्स (1930 में इंग्लैंड के खिलाफ) तथा शरविन कैंपबेल और एड्रियन ग्रिफ़िथ (1999 में न्यूजीलैंड के खिलाफ) के नाम था।
विश्व टेस्ट चैंपियनशिप में यह 2019 के बाद से सबसे बड़ी पहले विकेट की साझेदारी है। इससे पहले रोहित शर्मा और मयंक अग्रवाल ने 2019 में दक्षिण अफ्रीका के खिलाफ 317 रन बनाए थे। साथ ही, यह 2025 में किसी भी टेस्ट में किसी भी विकेट के लिए सबसे बड़ी साझेदारी बन गई है।
लैथम और कॉनवे के बीच यह टेस्ट क्रिकेट में चौथी शतकीय शुरुआती साझेदारी है। न्यूजीलैंड के लिए जॉन राइट और ट्रेवर फ्रैंकलिन (5 बार) के बाद यह दूसरा सबसे बड़ा आंकड़ा है।
लैथम और कॉनवे के बीच यह 150+ रन की दूसरी साझेदारी है। इससे पहले 2022 में कराची में पाकिस्तान के खिलाफ इन्होंने 183 रन जोड़े थे।
लैथम और कॉनवे ने अब 43 पारियों में 1721 रन (औसत: 40.02) बनाए हैं, जो न्यूजीलैंड की किसी भी शुरुआती जोड़ी के लिए सबसे ज्यादा है। इससे पहले जॉन राइट और ब्रूस एडगर ने 56 पारियों में 1655 रन बनाए थे।
टॉम लैथम (137 रन) और डेवोन कॉनवे (178* रन) के शतक लगाने के साथ ही यह छठा मौका है जब न्यूजीलैंड के दोनों ओपनरों ने एक ही टेस्ट पारी में शतक जड़े। इससे पहले 2019 में हैमिल्टन में बांग्लादेश के खिलाफ लैथम (161) और जीत रावल (132) ने ऐसा किया था।
वेस्टइंडीज को न्यूजीलैंड के खिलाफ पहला विकेट लेने में 86.4 ओवर (520 गेंद) लगे। यह इस सदी में टेस्ट क्रिकेट में पहले विकेट के लिए चौथा सबसे लंबा सूखा (गेंदों के हिसाब से) है। 2023 में जिम्बाब्वे के खिलाफ वेस्टइंडीज को पहला विकेट लेने में 114.1 ओवर लगे थे, जो सबसे लंबा सूखा है।
पहले दिन के अंत में 334/1 का स्कोर न्यूजीलैंड की धरती पर सिर्फ एक विकेट के नुकसान पर दूसरा सबसे बड़ा स्कोर है। इससे पहले 2022 में क्राइस्टचर्च में बांग्लादेश के खिलाफ न्यूजीलैंड ने 349/1 बनाया था।
पहले दिन के अंत में डेवोन कॉनवे के 178* रन टेस्ट के पहले दिन किसी न्यूजीलैंड बल्लेबाज का तीसरा सबसे बड़ा स्कोर है। केवल ब्रेंडन मैककुलम (2014 में श्रीलंका के खिलाफ 195 रन) और टॉम लैथम (2022 में बांग्लादेश के खिलाफ 186* रन) ने इससे ज्यादा रन बनाए हैं।
न्यूजीलैंड के कप्तान घरेलू टेस्ट में पहले बल्लेबाजी करना कम ही चुनते हैं। आज उन्होंने 14 साल और 26 घरेलू टेस्ट के बाद पहली बार ऐसा किया। इससे पहले जनवरी 2011 में डैनियल वेट्टोरी ने बेसिन रिजर्व में पाकिस्तान के खिलाफ टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी करने का फैसला किया था।
