केएससीए को चिन्नास्वामी स्टेडियम में आईपीएल मैच आयोजित करने की मंजूरी
कर्नाटक सरकार ने कर्नाटक स्टेट क्रिकेट एसोसिएशन (केएससीए) को बेंगलुरु के एम. चिन्नास्वामी स्टेडियम में इंडियन प्रीमियर लीग के मैच आयोजित करने की आधिकारिक अनुमति प्रदान की है। इससे आगामी आईपीएल सीज़न के लिए मैच स्थल को लेकर अनिश्चितता समाप्त हो गई है। इस स्टेडियम में 28 मार्च को सीज़न का उद्घाटन मैच रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु और सनराइजर्स हैदराबाद के बीच खेला जाएगा।
केएससीए सचिव संतोष मेनन ने इसकी पुष्टि करते हुए बताया कि विशेषज्ञ समिति ने 13 मार्च को स्टेडियम का निरीक्षण और मॉक डेमोन्सट्रेशन के बाद यहां किए गए बुनियादी ढांचागत बदलावों से संतुष्टि जताई थी। समिति ने अपनी रिपोर्ट कर्नाटक सरकार को सौंपी, जिसके बाद केएससीए को आईपीएल मैच आयोजित करने की हरी झंडी मिल गई।
केएससीए ने एक मीडिया विज्ञप्ति में कहा, "हमें यह सूचित करते हुए प्रसन्नता हो रही है कि आज विधान सभा में कर्नाटक के गृह मंत्री डॉ. जी. परमेश्वर की अध्यक्षता में विशेषज्ञ समिति और केएससीए, आरसीबी तथा डीएनए के प्रतिनिधियों की बैठक हुई। बैठक में विशेषज्ञ समिति ने एम. चिन्नास्वामी स्टेडियम में की गई तैयारियों और अनुपालन उपायों की रिपोर्ट प्रस्तुत की।"
विज्ञप्ति में आगे कहा गया, "विशेषज्ञ समिति की सिफारिशों और व्यवस्थाओं का विस्तृत अवलोकन करने के बाद, गृह मंत्री ने बेंगलुरु के प्रतिष्ठित एम. चिन्नास्वामी स्टेडियम में आगामी आईपीएल मैचों के आयोजन की औपचारिक स्वीकृति प्रदान की है।"
यह मंजूरी पिछले साल जून में आरसीबी की ट्रॉफी जीत के जश्न के दौरान हुई भगदड़ के बाद स्टेडियम में उच्च उपस्थिति वाले खेल आयोजनों, विशेष रूप से सुरक्षा और भीड़ प्रबंधन संबंधी विचारों को लेकर राज्य प्राधिकारियों, केएससीए और आरसीबी के बीच हुई चर्चाओं के बाद मिली है।
केएससीए ने कहा कि वेंकटेश प्रसाद के नेतृत्व में संपूर्ण केएससीए टीम ने गृह मंत्री, मुख्यमंत्री, उपमुख्यमंत्री, विशेषज्ञ समिति, अन्य मंत्रियों, वरिष्ठ राज्य सरकार के अधिकारियों और सभी वैधानिक प्राधिकारियों के साथ मिलकर विशेषज्ञ समिति की सिफारिशों का पूर्ण अनुपालन सुनिश्चित किया है।
केएससीए ने कहा, "केएससीए आगामी आईपीएल मैचों को सुरक्षित, सुव्यवस्थित और पेशेवर ढंग से आयोजित करने में आरसीबी को पूर्ण सहयोग और समर्थन देने के लिए तत्पर है, ताकि क्रिकेट प्रेमियों और खेल समुदाय के लिए यह एक यादगार अनुभव साबित हो।"
अनुमति मिलने के साथ ही, यह स्टेडियम आगामी आईपीएल सीज़न में अपने निर्धारित मैचों की मेजबानी करेगा। सीज़न के उद्घाटन मैच सहित, चिन्नास्वामी स्टेडियम आरसीबी के कुल पांच घरेलू मैचों की मेजबानी करेगा। आरसीबी अपने शेष दो घरेलू मैच रायपुर में खेलेगी। इसके अलावा स्टेडियम में एक प्लेऑफ मैच और फाइनल भी खेला जाएगा।
